​न्यूरिया PILIBHIT। क्षेत्र के ग्राम कैम में एक विवाहिता को कम दहेज के लिए शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता पूनम ने अपने पति, सास, ससुर, देवर और ननद के खिलाफ मारपीट, दहेज उत्पीड़न और जान से मारने की धमकी देने के आरोपों में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पीड़िता का आरोप है कि दो पुत्रियों के जन्म के बाद ससुराल पक्ष का व्यवहार और अधिक क्रूर हो गया तथा वे दो लाख रुपये व एक बाइक की अतिरिक्त मांग करने लगे।
​पूनम के अनुसार, 21 अप्रैल को ससुरालियों ने उसे बुरी तरह पीटा और 23 अप्रैल को दोबारा मारपीट कर कमरे में बंद कर दिया। साथ ही उसके पिता को जान से मारने की धमकी दी। घटना की जानकारी मिलने पर पीड़िता के पिता पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और उसे ससुराल के चंगुल से सुरक्षित निकाला। महिला के शरीर पर चोटों के निशान पाए गए हैं और वर्तमान में वह अपनी दोनों बेटियों के साथ मायके में रह रही है। थाना प्रभारी सुभाष मावी ने बताया कि तहरीर के आधार पर पति गौरव, ससुर नेमचंद, सास मंजू देवी सहित अन्य के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *