रूद्रपुर। बुधवार की रात्रि हल्द्वानी मार्ग पर संजय वन के समीप पत्थरचट्टा वन कार्यालय में ड्यूटी समाप्त कर बाईक से घर वापस लौट रहे वन कर्मी को अज्ञात वाहन ने रौंद दिया उसे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर परिजन भी आ पहुंचे और उनमें कोहराम मच गया पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम खस्सीबोझ खत्ता टांडा निवासी 58 वर्षीय मोहन गिरी गोस्वामी पुत्र स्व0 बच्ची गिरी गोस्वामी वन विभाग टांडा रेंज के पत्थरचट्टा कार्यालय में संविदा कर्मी के रूप में काम करता था। बताया जाता है मोहन गिरी बुधवार की देर सायं ड्यूटी समाप्त कर अपनी मोटरसाईकिल संख्या यूके 04 सी 9559 पर सवार होकर घर वापस लौट रहा था जब वह संजय वन के पास पहुंचा तो तेज गति से आते अज्ञात वाहन चालक ने उसकी मोटरसाईकिल को टक्कर मार दी और वाहन सहित मौके से फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल मोहन गिरी को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम होने के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया घटना से परिजनों में कोहराम मच गया।