पीलीभीत। जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह और पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव ने जिला कारागार का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा व अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने किशोर, महिला व अन्य बैरकों के साथ-साथ जेल अस्पताल का गहन निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने अस्पताल में भर्ती बंदियों से उनके स्वास्थ्य का हाल जाना और उपस्थित डॉक्टरों को मरीजों के इलाज में किसी भी तरह की लापरवाही न बरतने की सख्त हिदायत दी।

इसके अलावा, उन्होंने बैरकों में बंदियों से बातचीत कर उनकी समस्याओं को सुना और संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने जेल में मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता और साफ-सफाई की स्थिति पर संतोष जताते हुए जेल अधीक्षक को शासन के मानकों के अनुरूप सभी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निर्देशित किया। इस दौरान जेल अधीक्षक और जेलर सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
