पूरनपुर। भारत विकास परिषद की गोमती शाखा पूरनपुर के तत्वावधान में सोमवार को ‘भारत को जानो’ अखिल भारतीय लिखित सामान्य ज्ञान परीक्षा का आयोजन तहसील क्षेत्र के 16 विद्यालयों में एक साथ किया गया। परीक्षा में करीब 6000 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
भारत विकास परिषद गोमती शाखा पूरनपुर के अध्यक्ष नवीन अग्रवाल, सचिव अनिल शुक्ला और महिला सहभागिता प्रमुख संगीता सिंघल के नेतृत्व में परीक्षा संपन्न कराई गई। परिषद के सदस्यों ने विभिन्न विद्यालयों में पहुंचकर निर्धारित प्रक्रिया के तहत प्रश्नपत्र और ओएमआर शीट वितरित की तथा परीक्षा के दौरान व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों के सहयोग से सभी विद्यालयों में परीक्षा निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न हुई। परीक्षा को लेकर छात्र-छात्राओं में खासा उत्साह देखने को मिला और विद्यार्थियों ने पूरे मनोयोग से प्रश्नपत्र हल किया।
परिषद की ओर से विद्यार्थियों को परीक्षा से पहले ही ‘भारत को जानो’ विषय से संबंधित पुस्तकें उपलब्ध करा दी गई थीं, जिससे विद्यार्थियों को तैयारी करने का अवसर मिला। प्रतियोगिता के माध्यम से बच्चों में भारत के इतिहास, संस्कृति, सभ्यता, महापुरुषों, भूगोल और सामान्य ज्ञान के प्रति रुचि एवं जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया गया।
आयोजन को सफल बनाने में परिषद के ओम चंद्र भारद्वाज, विवेक तिवारी, सलिल आजाद, राकेश कुमार, अभिजीत, डॉ. प्रशांत गुप्ता, डॉ. यूआर मीत, योगराज सिंह, यशपाल, अरुण पाण्डेय, कुमार अभिषेक, अंकित कुमार, अर्पित कुमार, नमन सक्सेना, हरमन प्रीत सिंह सहित अन्य पदाधिकारियों और सदस्यों का सहयोग रहा।

देशभर में एक साथ आयोजित हुई परीक्षा
भारत विकास परिषद की ओर से ‘भारत को जानो’ परीक्षा का आयोजन देशभर में एक ही दिन विभिन्न शाखाओं द्वारा किया गया। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को भारत की गौरवशाली परंपरा, संस्कृति और इतिहास से जोड़ना तथा उनमें राष्ट्र के प्रति ज्ञान, गौरव और जागरूकता की भावना विकसित करना है।
पूरनपुर शाखा के अध्यक्ष नवीन अग्रवाल ने परीक्षा में सहयोग करने वाले सभी विद्यालयों के प्रबंधकों, प्रधानाचार्यों, शिक्षकों, परिषद के सदस्यों और प्रतिभागी छात्र-छात्राओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति और राष्ट्र के प्रति ज्ञान बढ़ाने के लिए इस प्रकार की प्रतियोगिताएं निरंतर आयोजित की जानी चाहिए।
इन 16 विद्यालयों के छात्रों ने लिया हिस्सा
परीक्षा में सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, सेंट जोसेफ सीनियर सेकेंडरी स्कूल, द बर्डेट पब्लिक स्कूल शेरपुर कला, विद्या निकेतन माधोटांडा, जेसीज रिवरडेल स्कूल, मोहन सरस्वती शिशु मंदिर, आरएसआरडी सरस्वती विद्या मंदिर, पंचम दास इंटर कॉलेज, गुरु नानक इंटर कॉलेज, आर्य पाठशाला इंटर कॉलेज, भसीन इंटरनेशनल स्कूल, माई विंग्स इंटरनेशनल स्कूल घुंघचाई, स्वामी एजुकेशनल स्कूल, ईशर एकेडमी सकरिया, सनातन धर्म इंटर कॉलेज और लकी चिल्ड्रन स्कूल के लगभग 6000 विद्यार्थियों ने भाग लिया।
जल्द घोषित होगा परिणाम, टॉपर्स होंगे सम्मानित
आयोजकों ने बताया कि सभी विद्यार्थियों की ओएमआर शीट की जांच का कार्य पूरा किया जा रहा है। जल्द ही परीक्षा परिणाम घोषित किया जाएगा और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले टॉपर्स विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा।
अध्यक्ष नवीन अग्रवाल ने बताया कि शाखा स्तर पर विजेता विद्यार्थियों को प्रांत स्तर की प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा। इसके बाद चयनित विद्यार्थी क्षेत्र और फिर राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित परीक्षा में हिस्सा ले सकेंगे।