रुद्रपुर। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने मंगलवार को वर्चुअल माध्यम से मासिक स्टाफ बैठक की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को विभिन्न विभागों के कार्यों में तेजी लाने और लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में विभागीय कार्यों की प्रगति की समीक्षा के साथ प्रशासनिक व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर जोर दिया गया।

अभियोजन कार्यों की समीक्षा के दौरान संतोषजनक प्रगति नहीं मिलने पर जिलाधिकारी ने लोक अभियोजक जयपाल सिंह और सीमा रानी का स्पष्टीकरण तलब किया। उन्होंने अधिकारियों को अपने-अपने विभागों से जुड़े मामलों की नियमित समीक्षा करने और निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।

भूमि और प्रमाण पत्र से जुड़े मामलों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने एसडीएम स्तर पर लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पटवारी की जांच के बाद कानूनगो को भी मौके पर भेजकर निरीक्षण कराया जाए और सत्यापन रिपोर्ट तत्काल प्रेषित की जाए।

जिलाधिकारी ने ऑनलाइन पोर्टल की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश देते हुए कहा कि धारा 143 से संबंधित सभी ऑनलाइन आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए। इसके लिए सभी एसडीएम और तहसीलदारों को संबंधित पोर्टल पर नियमित रूप से लॉगिन कर लंबित मामलों की निगरानी करने को कहा गया।

एसडीएम कोर्ट में तीन से पांच वर्ष या उससे अधिक समय से लंबित मामलों के निस्तारण में भी तेजी लाने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही मुख्य देयकों और विविध देयकों की वसूली बढ़ाने तथा निर्धारित लक्ष्यों को अगले माह तक शत-प्रतिशत पूरा करने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए।

धान खरीद की तैयारियों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने समय से खरीद केंद्र खोलने और फ्लाइंग स्क्वायड दल तैनात करने के निर्देश दिए। उन्होंने किसानों की समस्याओं का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने को भी कहा।

आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए खाद्य पदार्थों में मिलावट पर रोक लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग का विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। वहीं सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने के लिए संबंधित एसडीएम को नोडल अधिकारी बनाया गया है। लोक निर्माण विभाग को सड़कों की स्थिति में सुधार के लिए तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने जनगणना से जुड़े कार्यों में भी तेजी लाने तथा सभी अधिकारियों को सीएम हेल्पलाइन के लंबित मामलों का नियमित रूप से निस्तारण करने के निर्देश दिए।

बैठक में अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय, कौस्तुभ मिश्रा, एसडीएम तुषार सैनी, हिमांशु कफलटिया, एएसपी अनुषा बडोला, एआरओ संजय आर्या, संयुक्त निदेशक विधि डीएस जंगपांगी, डीजीसी मनोज तिवारी, नन्दन सिंह धामी, बरीत सिंह सहित सभी उपजिलाधिकारी, तहसीलदार और अन्य अधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi