रोहतास। भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज आकाश दीप के घर जल्द ही शहनाई गूंजने वाली है। बिहार के रोहतास जिले के रहने वाले आकाश दीप की शादी तय हो गई है, जिसकी खबर से उनके पैतृक गांव बड्डी में खुशी का माहौल है। परिवार, रिश्तेदारों और ग्रामीणों में उत्साह देखने को मिल रहा है।

जानकारी के अनुसार, शादी से जुड़े सभी शुरुआती पारंपरिक कार्यक्रम गांव बड्डी में ही आयोजित किए जाएंगे। इसके लिए तैयारियां भी शुरू हो चुकी हैं। गांव के लोग अपने चहेते क्रिकेटर की शादी को लेकर काफी उत्साहित हैं और इस खास मौके को यादगार बनाने में जुटे हुए हैं।

आकाश दीप ने अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर भारतीय क्रिकेट में खास पहचान बनाई है। सीमित संसाधनों के बीच संघर्ष करते हुए उन्होंने राष्ट्रीय टीम तक का सफर तय किया, जिससे वह अपने क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा बन गए हैं।

शादी की खबर सामने आने के बाद गांव में बधाइयों का सिलसिला शुरू हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि यह केवल आकाश दीप के परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे गांव के लिए खुशी और गर्व का अवसर है।

परिवार की ओर से अभी शादी की तारीख और अन्य कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है, लेकिन गांव में उत्सव जैसा माहौल बन गया है और लोग इस शुभ अवसर का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi