पीलीभीत। पीलीभीत प्रीमियर क्रिकेट लीग सीजन-1 के रोमांचक मुकाबलों में एम3आर और ब्रदर्स इलेवन की टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने-अपने मैचों में जीत दर्ज की है। लीग के १४वें मैच में एम3आर ने बहेड़ी बुल्स को 46 रनों से शिकस्त दी। इस मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी एम3आर की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 7 विकेट के नुकसान पर 212 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से गीतांश ने सर्वाधिक 80 रन और अजीम ने 70 रनों की धुआंधार पारियां खेलीं। बहेड़ी बुल्स की तरफ से गेंदबाजी करते हुए असद और फैज ने दो-दो विकेट चटकाए। 213 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी बहेड़ी बुल्स की टीम 18.2 ओवरों में महज 166 रनों पर ही सिमट गई। बहेड़ी बुल्स के लिए सन्नी वर्मा ने सर्वाधिक 76 रनों का जुझारू योगदान दिया, लेकिन वे अपनी टीम को जीत नहीं दिला सके। एम3आर की ओर से रियाज और सिद्धार्थ ने कसी हुई गेंदबाजी करते हुए दो-दो विकेट अपने नाम किए। उत्कृष्ट बल्लेबाजी के लिए गीतांश को ‘मैन ऑफ द मैच’ के पुरस्कार से नवाजा गया।
लीग के प्रथम चरण के अंतिम मुकाबले में ब्रदर्स इलेवन ने बहेड़ी बुल्स को 6 विकेट से हराकर जीत का परचम लहराया। इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए बहेड़ी बुल्स की टीम ने 8 विकेट खोकर 176 रनों का सम्मानजनक स्कोर बनाया, जिसमें सन्नी वर्मा ने 58 रन, कामरान ने 32 रन और अजय ने 31 रनों का योगदान दिया। ब्रदर्स इलेवन की तरफ से अदनान और कौशल ने घातक गेंदबाजी करते हुए दो-दो विकेट झटके। जवाब में 177 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ब्रदर्स इलेवन की टीम ने 19.3 ओवरों में 4 विकेट खोकर आसानी से जीत हासिल कर ली। ब्रदर्स इलेवन की इस जीत के सूत्रधार अभिजीत रहे, जिन्होंने सर्वाधिक 95 रनों की मैच जिताऊ पारी खेली। इसके अलावा विक्रांत ने 28 और अभिषेक ने 25 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया। बहेड़ी बुल्स की ओर से गेंदबाजी में सन्नी वर्मा ने सर्वाधिक दो विकेट लिए। धमाकेदार बल्लेबाजी के लिए अभिजीत गंगवार को ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया। आज के मैचों में अंपायर की भूमिका नातिक और अरशान ने निभाई, जबकि स्कोरर एकांश और कमेंटेटर गगन प्रताप रहे।