झांसी। झांसी पुलिस और एएनटीएफ (एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स) ने संयुक्त कार्रवाई में बड़ी सफलता हासिल करते हुए करीब 350 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। जब्त मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 1.75 करोड़ रुपये बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई रकसा थाना क्षेत्र में की गई। जांच के दौरान सामने आया कि गांजे की तस्करी ट्रक और कार के जरिए की जा रही थी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया।

इसके अलावा तस्करों के कब्जे से 8 मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं, जिनकी जांच के जरिए तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।

प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि आरोपी मध्य प्रदेश के निवासी हैं और गांजे की खेप ओडिशा से लाई गई थी। आशंका जताई जा रही है कि इस खेप को उत्तर प्रदेश समेत अन्य राज्यों में सप्लाई किया जाना था।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि तस्करी के इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा पहले भी कितनी बार इस तरह की खेप पहुंचाई गई थी।

गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *