रुद्रपुर। ऊधमसिंहनगर जिला सहकारी बैंक के नवनियुक्त प्रशासक एम.पी. त्रिपाठी ने कार्यभार ग्रहण करने के बाद जिला सहकारी बैंक एवं सहकारिता विभाग की संयुक्त समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में जिले की सभी बैंक शाखाओं के ऋण वितरण, वसूली और निक्षेप की प्रगति की गहन समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान प्रशासक ने निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति में पिछड़ रही शाखाओं पर नाराजगी जताते हुए संबंधित शाखा प्रबंधकों को गंभीर चेतावनी दी। उन्होंने कार्यप्रणाली में सुधार लाने तथा सहकारी देयकों की बकाया धनराशि की शत-प्रतिशत वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

एम.पी. त्रिपाठी ने सहकारी समितियों में बढ़ते एनपीए (नॉन परफॉर्मिंग एसेट्स) पर चिंता व्यक्त करते हुए समितियों के सचिवों को पुराने बकाया ऋणों की वसूली में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही दीनदयाल उपाध्याय सहकारिता किसान कल्याण योजना के तहत अल्पकालीन और मध्यकालीन ऋण वितरण को बढ़ाने पर विशेष जोर दिया।

उन्होंने कॉमन सर्विस सेंटर (CSC), प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्रों के माध्यम से व्यवसाय वृद्धि, नई पैक्स समितियों को बैंक से जोड़ने तथा अंश ‘क’ नकद ऋण वितरण पर फोकस करने के निर्देश भी दिए। सहकारिता विभाग के सहायक विकास अधिकारियों और अपर जिला सहकारी अधिकारियों को समितियों का नियमित एवं गहन निरीक्षण करने के लिए कहा गया।

बैठक में पैक्स के कंप्यूटरीकरण कार्य में तेजी लाने तथा समयबद्ध तरीके से दैनिक आधार पर ‘डे एंड’ प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि इस कार्य में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में जिला सहकारी बैंक के महाप्रबंधक एवं सचिव संदीप कुमार, नाबार्ड के जिला विकास प्रबंधक अजय नाइक, जिला सहायक निबंधक हरीश चंद्र खंडूड़ी और वरिष्ठ प्रबंधक एच.एस. यादव ने भी सहकारिता क्षेत्र के सुदृढ़ीकरण और विकास को लेकर अपने विचार रखे।

इस अवसर पर जिले के सभी सहायक विकास अधिकारी, अपर जिला सहकारी अधिकारी, समितियों के सचिव, सहकारी अमीन, एफपीओ से जुड़े अधिकारी तथा जिला सहकारी बैंक के सभी शाखा प्रबंधक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *