​पीलीभीत। जनपद की कानून व्यवस्था और जेल प्रशासन की कार्यप्रणाली को परखने के लिए गुरुवार को जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह और पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव ने जिला कारागार का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने कारागार की सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया और बंदियों से संवाद कर उनकी समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।
​अस्पताल और बैरकों का लिया जायजा
​निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने किशोर बैरक सहित अन्य बैरकों का गहन मुआयना किया। उन्होंने जेल अस्पताल का भी निरीक्षण किया, जहां उपचाराधीन बीमार बंदियों से उनके स्वास्थ्य का हाल जाना। जिलाधिकारी ने जेल में तैनात डॉक्टरों को सख्त लहजे में हिदायत दी कि बंदियों के उपचार और स्वास्थ्य सुविधाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


​सुविधाओं और साफ-सफाई पर जोर
​जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह ने बंदियों से सीधे बातचीत कर उन्हें मिल रहे भोजन, पानी और अन्य बुनियादी सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने जेल अधीक्षक को निर्देशित किया कि शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप ही सभी बंदियों को सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। निरीक्षण के दौरान जेल परिसर में साफ-सफाई की स्थिति भी देखी गई, जिसे और बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
​समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश
​बैरक निरीक्षण के दौरान बंदियों ने अपनी कुछ व्यक्तिगत और विधिक समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। जिलाधिकारी ने इन समस्याओं का संज्ञान लेते हुए संबंधित जेल अधिकारियों को मौके पर ही उनके प्रभावी और त्वरित निस्तारण हेतु निर्देशित किया।
​इस औचक निरीक्षण के दौरान जेल अधीक्षक, जेलर तथा अन्य संबंधित अधिकारी व पुलिस बल मौजूद रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *