चंदौली। जिले के धानापुर थाना क्षेत्र के नरौली गांव में चोरों ने एक ही रात में तीन मंदिरों को निशाना बनाकर सनसनी फैला दी। चोरी की इस वारदात से ग्रामीणों और श्रद्धालुओं में भारी आक्रोश व्याप्त है।
जानकारी के अनुसार, अज्ञात चोरों ने गांव के तीन मंदिरों में घुसकर चांदी के मुकुट, पूजा सामग्री और अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। चोर मंदिरों से करीब 100 किलो वजनी घंटा भी उठा ले गए, जिससे लोगों में हैरानी है।
बताया जा रहा है कि चोर पूजा में इस्तेमाल होने वाले बर्तन, लोटा और बाल्टी तक अपने साथ ले गए। सुबह जब ग्रामीण पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे तो चोरी की जानकारी होने पर हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा संदिग्धों की तलाश में जुट गई है।
एक साथ तीन मंदिरों में चोरी की घटना से ग्रामीणों में रोष है। लोगों ने पुलिस से जल्द खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।