पीलीभीत। विकासखंड मरौरी की ग्राम पंचायत ललपुरिया साहब सिंह में शुक्रवार को क्षेत्र पंचायत द्वारा कराए गए खड़ंजा निर्माण कार्य का लोकार्पण समारोहपूर्वक संपन्न हुआ। पन्द्रहवां वित्त आयोग योजनान्तर्गत (वित्तीय वर्ष 2025-26) ग्राम पंचायत ललपुरिया साहबसिंह में नन्हेलाल के घर से फहीम के खेत तक निर्मित इस खड़ंजा मार्ग का उद्घाटन मुख्य अतिथि गन्ना विकास एवं चीनी मिलें राज्य मंत्री संजय सिंह गंगवार जी और ब्लॉक प्रमुख सभ्यता देवी वर्मा के कर कमलों द्वारा किया गया।
कार्यक्रम के दौरान ब्लॉक प्रमुख सभ्यता देवी वर्मा एवं खंड विकास अधिकारी लियाकत अली ने मुख्य अतिथि राज्य मंत्री संजय सिंह गंगवार जी को बुके (पुष्पगुच्छ) भेंट कर उनका जोरदार स्वागत किया। इस शुभ अवसर पर गन्ना राज्य मंत्री ने उपस्थित ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों का मुंह मीठा कराते हुए मिठाई खिलाई और क्षेत्र के चहुंमुखी विकास के प्रति प्रतिबद्धता जताई। इस निर्माण कार्य को कार्यदायी संस्था क्षेत्र पंचायत मरौरी द्वारा पूर्ण कराया गया है।
इस लोकार्पण कार्यक्रम के मौके पर मुख्य रूप से क्षेत्र पंचायत सदस्य सोहनलाल राजपूत, खंड विकास अधिकारी लियाकत अली, ग्राम प्रधान सहित भारी संख्या में सम्मानित ग्रामवासी उपस्थित रहे।