गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले से मासूम स्कूली बच्चों की सुरक्षा को खतरे में डालने वाली एक बेहद हैरान करने वाली घटना सामने आई है। यहाँ परिवहन विभाग (RTO) और पुलिस की संयुक्त चेकिंग के दौरान एक स्कूल वैन चालक को अत्यधिक शराब के नशे में वाहन चलाते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है।
चेकिंग में खुला चालक की करतूत का राज
जानकारी के अनुसार, परिवहन विभाग के प्रवर्तन अधिकारी (Enforcement Officer) क्षेत्र में स्कूली वाहनों की औचक जांच कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने ‘इरा पब्लिक स्कूल’ के बच्चों को ले जा रही एक मारुति वैन को रोककर चालक की जांच की। वैन चालक की पहचान दयाशंकर के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान चालक के मुंह से शराब की तेज बदबू आ रही थी।
एल्कोहॉल टेस्ट आया पॉजिटिव, लगा भारी जुर्माना
संदेह होने पर परिवहन विभाग के अधिकारियों ने जब चालक दयाशंकर का ‘ब्रेथ एनालाइजर’ से एल्कोहॉल टेस्ट कराया, तो उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। चालक ने तय मानक से कई गुना अधिक शराब पी रखी थी। इस गंभीर लापरवाही और बच्चों की जान जोखिम में डालने पर त्वरित कार्रवाई करते हुए वाहन का 29 हजार रुपये का चालान काटा गया है।
ड्राइविंग लाइसेंस सस्पेंड, चालक सलाखों के पीछे
प्रवर्तन अधिकारी की रिपोर्ट पर कार्रवाई करते हुए आरोपी ड्राइवर दयाशंकर का ड्राइविंग लाइसेंस तत्काल प्रभाव से तीन महीने के लिए निलंबित (सस्पेंड) कर दिया गया है। साथ ही पुलिस ने आरोपी ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है। परिवहन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और ऐसे लापरवाह चालकों व स्कूल प्रबंधनों के खिलाफ आगे भी सख्त अभियान जारी रहेगा।