पीलीभीत। जनगणना-2027 के अंतर्गत चल रहे स्व-गणना अभियान के तीसरे दिन जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में गांधी सभागार में एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस सत्र में जिले के व्यापारिक समुदाय ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और डिजिटल पोर्टल के माध्यम से अपनी सूचनाएं दर्ज कराईं। कार्यक्रम के दौरान व्यापारियों को विशेष वीडियो ट्यूटोरियल के माध्यम से स्व-गणना फॉर्म भरने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया, जिसके पश्चात उपस्थित व्यापारियों ने स्वयं पोर्टल पर अपनी प्रविष्टियां पूर्ण कीं।
इस अवसर पर व्यापारियों को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह ने बताया कि स्व-गणना की यह प्रक्रिया 21 मई 2026 तक संचालित रहेगी। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि डेटा की शुद्धता और समयबद्धता इस राष्ट्रीय अभियान की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जिलाधिकारी ने व्यापारियों से आह्वान किया कि वे न केवल स्वयं का विवरण दर्ज करें, बल्कि अपने परिवारजनों, पड़ोसियों और रिश्तेदारों को भी इस डिजिटल मुहिम से जोड़ने हेतु प्रेरित करें। उन्होंने जन-भागीदारी बढ़ाने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि समाज के इस जागरूक वर्ग के जुड़ने से अभियान को नई गति मिलेगी। कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) प्रसून द्विवेदी, नगर मजिस्ट्रेट विजय वर्धन तोमर और जिला सूचना विज्ञान अधिकारी सहित अन्य वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)