पीलीभीत। अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के तत्वावधान में वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाध्यक्ष डॉ. पी.डी. सिंह की अध्यक्षता में महाराणा प्रताप के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ हुआ। इस अवसर पर वक्ताओं ने महाराणा प्रताप के जीवन और उनके संघर्षों पर प्रकाश डालते हुए उनके पद चिन्हों पर चलने और समाज में एकजुटता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
समारोह में मुख्य अतिथि वरिष्ठ महामंत्री संजय सिंह तोमर ने कहा कि क्षत्रियों ने सदैव राष्ट्र की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दी है, जिसका गौरवशाली इतिहास गवाह है। वहीं, विशिष्ट अतिथि एवं भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष संजीव प्रताप सिंह ने सामाजिक उत्थान की अपील करते हुए कहा कि हमें एकता के साथ-साथ सामूहिक विवाह, छात्रवृत्ति वितरण और मेधावी छात्र सम्मान जैसे सामाजिक कार्यों में भी सक्रियता दिखानी चाहिए।

कार्यक्रम का सफल संचालन महामंत्री सुरेंद्र सिंह चौहान द्वारा किया गया। इस दौरान वरिष्ठ उपाध्यक्ष अवधराज सिंह, रेखा सिंह परिहार, मनोज तोमर, वीरेंद्र सिंह ध्रुव और महिला जिलाध्यक्ष अनुसुइया सिंह सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम के अंत में जिलाध्यक्ष डॉ. पी.डी. सिंह ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर एन.पी. सिंह, अनिल कुशवाहा, एम.एस. धामी, रितेश सिंह, सूर्यप्रताप सिंह, डॉ. राकेश सिंह और डॉ. अमित सिंह समेत भारी संख्या में लोग उपस्थित रहे।