सेहरामऊ (पीलीभीत)। सेहरामऊ उत्तरी थाना क्षेत्र में एक तेंदुए की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में हड़कंप मच गया। तेंदुए का शव श्रीनगर गौंटिया गांव की आबादी से सटे गन्ने के खेत में पड़ा मिला। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर रेंज कार्यालय ले जाया गया।
बताया गया कि बीते कई दिनों से क्षेत्र में तेंदुए की मौजूदगी देखी जा रही थी और ग्रामीणों में दहशत का माहौल था। शुक्रवार रात गन्ने के खेत में तेंदुए की मौत हो गई, जिसकी जानकारी शनिवार सुबह ग्रामीणों ने सामाजिक वानिकी विभाग को दी।
खुटार सामाजिक वानिकी रेंजर मनोज कुमार श्रीवास्तव टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद तेंदुए के शव को पोस्टमार्टम के लिए बरेली स्थित आईवीआरआई भेज दिया गया।
रेंजर मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि तेंदुआ पिछले तीन दिनों से बीमार था और आबादी के आसपास मूवमेंट कर रहा था। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।