​पीलीभीतl जिले में आगामी गन्ना पेराई सत्र 2026-27 को सुगम और पारदर्शी बनाने के लिए गन्ना विभाग ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। जिले भर में ग्राम स्तरीय सर्वे-सट्टा प्रदर्शन का कार्य तेजी से निपटाया जा रहा है, ताकि किसान पेराई सत्र शुरू होने से पहले अपने गन्ना क्षेत्रफल, पौधा-पेड़ी और बेसिक कोटा संबंधी विवरणों की जांच कर अभिलेखों की त्रुटियां सुधार सकें। इसके साथ ही, किसानों को सहूलियत देने के लिए जिले की चारों गन्ना समितियों में ऑनलाइन सदस्यता और उपज बढ़ोतरी की रसीद काटने के लिए विशेष कैश काउंटर स्थापित किए गए हैं। इन काउंटरों की मदद से अब तक 1000 से अधिक नए किसान समिति के सदस्य बन चुके हैं।
​विभाग ने किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए डिजिटल सेवाओं के विस्तार पर भी जोर दिया है। जिला गन्ना अधिकारी खुशीराम भार्गव के अनुसार, सभी गन्ना किसानों के लिए 1 सितंबर से eGanna App और SGK पोर्टल पर प्री-कैलेंडर लाइव कर दिया जाएगा, जिससे किसान घर बैठे ही अपने कैलेंडर और गन्ने से जुड़े विवरण देख सकेंगे। विभाग ने अपील की है कि जिन किसानों ने अभी तक समिति की सदस्यता नहीं ली है, वे 30 सितंबर तक ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी कर लें, ताकि आगामी सत्र में चीनी मिलों को गन्ना आपूर्ति करने में किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi