​अमरिया (पीलीभीत)। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अमरिया पुलिस ने एक विवाहिता को दहेज के लिए प्रताड़ित करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में पति समेत ससुराल पक्ष के सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। अमरिया कस्बे की रहने वाली खुशनुमा का निकाह जून 2020 में शाहजहाँपुर जनपद के थाना निगोही अंतर्गत ऊनकला निवासी ताहिर खान के साथ हुआ था। आरोप है कि शादी में 12 लाख रुपये की कार और पर्याप्त दान-दहेज देने के बावजूद ससुराल पक्ष के लोग संतुष्ट नहीं थे और लगातार अतिरिक्त धन की मांग कर रहे थे।
​पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि उसके पति ताहिर खान, जो पीएसी में प्लाटून कमांडर के पद पर तैनात है, समेत ससुर सबील खां, सास परवीन, देवर साकिब, ननद फरीन, नाविया और ममेरे ससुर समर बाबू उसे 11 लाख रुपये और लाने के लिए शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे। मांग पूरी न होने पर उसे भूखा-प्यासा रखा जाता और मारपीट की जाती थी। घर बचाने की खातिर पीड़िता के परिजनों ने बरेली स्थित अपना मकान बेचकर 11 लाख रुपये ससुरालियों को दे दिए, लेकिन इसके बावजूद उत्पीड़न कम नहीं हुआ।
​शिकायती पत्र के अनुसार, ढाई वर्ष के पुत्र की मां बन चुकी खुशनुमा ने आरोप लगाया है कि उसके पति का किसी अन्य लड़की के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा है, जिसके चलते अब उस पर तलाक देने का दबाव बनाया जा रहा है। विरोध करने पर उसे इस कदर पीटा गया कि वह कई बार मरणासन्न अवस्था में पहुँच गई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी है।

(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *