खटीमा। उधम सिंह नगर के खटीमा क्षेत्र में रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। भूड़ गांव की नहर के पास हुए एक भीषण सड़क हादसे में एक बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक कार छोड़कर मौके से फरार हो गया।
कैसे हुआ हादसा?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम सैंजना निवासी प्रदीप राणा अपनी बाइक से नहर की पटरी होते हुए मुख्य मार्ग की ओर जा रहा था। जैसे ही वह मुख्य सड़क पर चढ़ा, झनकट की ओर से आ रही एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि प्रदीप की मौके पर ही सांसें थम गईं।
भीड़ का फायदा उठाकर कार सवार फरार
दुर्घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों का जमावड़ा लग गया। इसी हंगामे और भीड़ का फायदा उठाकर कार में सवार लोग वाहन छोड़कर भागने में सफल रहे। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कार को अपने कब्जे में ले लिया है।
परिजनों में मचा कोहराम
पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रदीप की मौत की खबर जैसे ही उसके गांव सैंजना पहुंची, वहां मातम छा गया। मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस अब कार नंबर के आधार पर मालिक और चालक की तलाश कर रही है।