-बाबा नीम करोली महाराज के जयकारों से गुंजायमान रहा क्षेत्र
पीलीभीत। कुर्रेया खुर्द कला की नई बाजार में परम पूज्य बाबा नीम करोली महाराज के पावन आश्रम ‘कैंची धाम’ के स्थापना दिवस के शुभ अवसर पर क्षेत्र में भारी उत्साह और भक्ति का माहौल देखा गया। इस पावन अवसर पर नई बाजार, कुर्रेया खुर्द कला स्थित हरीदेव दीक्षित, धनवती मार्केट में अत्यंत श्रद्धा एवं भक्ति भाव के साथ विशाल शरबत एवं चना प्रसाद वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
राहगीरों और श्रद्धालुओं को मिला प्रसाद, बाबा के जयकारों से गूंजा परिसर
भीषण गर्मी के बीच आयोजित इस सेवा कार्यक्रम में आने-जाने वाले राहगीरों, दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं तथा स्थानीय नागरिकों को आदरपूर्वक ठंडा शरबत और चने का प्रसाद वितरित किया गया। आयोजन स्थल पर सुबह से ही भक्तों का तांता लगा रहा। पूरा परिसर बाबा नीम करोली महाराज के भक्तिमय भजनों और गगनभेदी जयकारों से गुंजायमान रहा, जिससे संपूर्ण वातावरण आध्यात्मिक रंग में रंग गया।
मानव सेवा का लिया संकल्प
कार्यक्रम में पहुंचे बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं क्षेत्रवासियों ने न केवल प्रसाद ग्रहण किया, बल्कि बाबा नीम करोली महाराज के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्ज्वलित कर अपने श्रद्धा सुमन भी अर्पित किए। इस अवसर पर उपस्थित प्रबुद्ध जनों ने बाबा नीम करोली महाराज के जीवन दर्शन पर प्रकाश डालते हुए उनके बताए सत्य, अहिंसा और सबसे बढ़कर ‘मानव सेवा’ के दिव्य संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का सामूहिक संकल्प लिया।
क्षेत्र के गणमान्य लोग रहे उपस्थित
इस सफल धार्मिक आयोजन को संपन्न कराने में स्थानीय युवाओं और समाजसेवियों का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम के दौरान मुख्य रूप से अनुज दीक्षित, अचलेन्द्र मिश्र ‘अचल’, राहुल देवल, संतोष देवल, प्रसून दीक्षित, अनमोल दीक्षित, शशांक दीक्षित, हिमांशु मिश्रा एवं राहुल बुकस्टोर से गौरव पाण्डेय सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक, समाज सेवी और भारी संख्या में संगीत व बाबा के भक्त उपस्थित रहे।