पीलीभीत। रूस में पिछले कई महीनों से फंसे पीलीभीत के छह युवकों की सकुशल घर वापसी हो गई है। रविवार को दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचने के बाद जब ये युवक अपने गृह जनपद पहुंचे, तो परिजनों की आंखों में खुशी के आंसू छलक आए। इन युवकों की वापसी के लिए परिजनों ने किसान नेता देव स्वरूप पटेल के माध्यम से बीते 22 जनवरी को पूरनपुर में केंद्रीय राज्य मंत्री श्री जितिन प्रसाद से गुहार लगाई थी।
​कठिन परिस्थितियों से निकले युवक:
परिजनों ने बताया कि युवकों को दिल्ली के किसी अज्ञात एजेंट के माध्यम से भेजा गया था, जिसके कारण उनकी सही लोकेशन ढूंढने में काफी कठिनाई हुई। रूस में युवकों के फोन रिचार्ज खत्म हो चुके थे और उनके रहने के स्थान से वाई-फाई भी हटा दिया गया था। युवक समय-समय पर नेटवर्क मिलने पर अपनी पीड़ा के ऑडियो-वीडियो किसान नेता देव स्वरूप पटेल को व्हाट्सएप पर भेजते थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए केंद्रीय मंत्री श्री जितिन प्रसाद ने भारत सरकार और रूस स्थित विदेश मंत्रालय के अधिकारियों से संपर्क साधा और युवकों की लोकेशन ट्रेस कराकर उनकी वापसी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
​बीसलपुर में हुआ जोरदार स्वागत:
किसान नेता देव स्वरूप पटेल ने बताया कि बरखेड़ा विधानसभा क्षेत्र के राजा बाबू पासवान, छोटेलाल पासवान, गिरीश कुमार राजपूत, महेश पाल राजपूत, रामवीर कश्यप और बेगराज कश्यप की वापसी के लिए फ्लाइट टिकट जारी किए गए। शनिवार शाम मास्को से रवाना होकर सभी 6 युवक रविवार सुबह 4:00 बजे दिल्ली पहुंचे। बीसलपुर में समाजसेवी डॉ. प्रथमेश भारद्वाज के आवास पर आयोजित प्रेस वार्ता और स्वागत कार्यक्रम में इन युवकों का अभिनंदन किया गया। इस दौरान भाजपा जिला मंत्री आयुष मिश्रा, चीनी मिल डायरेक्टर राजू भैया शर्मा, पूर्व मंडल अध्यक्ष शरद पाल सिंह, नगर अध्यक्ष सौरभ गुप्ता और यशवंत सिंह सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
​सरकार और संगठन का जताया आभार:
अपनों को वापस पाकर भावुक हुए परिजनों ने इस सफल रेस्क्यू के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद, गृह मंत्री अमित शाह, विदेश मंत्री, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव प्रताप सिंह सहित पूरे भाजपा परिवार का आभार व्यक्त किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *