कुशीनगर। तमकुहीराज और तरयासुजान पुलिस के साथ स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश आशु यादव से मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आशु यादव के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस के मुताबिक आशु यादव को गिरफ्तार करने के बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था। इसी दौरान उसने पेट में दर्द होने का बहाना बनाया। पुलिस टीम जब उसे अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रही थी, तभी आरोपी ने कथित तौर पर दारोगा की सरकारी पिस्टल निकाल ली और लेकर भागने लगा।
पुलिस के अनुसार भागते समय आशु यादव ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी और वह घायल होकर गिर गया। इसके बाद पुलिस ने उसे पकड़ लिया और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दारोगा की सरकारी पिस्टल, मैगजीन और आठ कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस अब आरोपी के आपराधिक इतिहास और उसके खिलाफ दर्ज अन्य मामलों की जानकारी जुटा रही है।
यह कार्रवाई तमकुहीराज पुलिस, तरयासुजान पुलिस और स्वाट टीम की संयुक्त टीम द्वारा की गई।