हापुड़। गंगा एक्सप्रेसवे पर रविवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में चार युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा सिंभावली थाना क्षेत्र में रात करीब 11:56 बजे हुआ। सभी युवक बदायूं के रहने वाले बताए जा रहे हैं और दिल्ली की ओर जा रहे थे।

बताया जा रहा है कि हादसे के समय थार की रफ्तार काफी तेज थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वाहन करीब 100 से 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रहा था। इसी दौरान अचानक थार डगमगाई और अनियंत्रित होकर पलट गई। वाहन करीब पांच से छह बार पलटते हुए सड़क किनारे जा गिरा।

हादसा इतना भीषण था कि थार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार युवक वाहन के अंदर फंस गए। सूचना मिलने के बाद सिंभावली पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। सभी घायलों को उपचार के लिए सीएचसी सिखेड़ा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने चार युवकों को मृत घोषित कर दिया। एक घायल युवक का इलाज जारी है।

मृतकों की पहचान जोगिंदर (26), सुखबीर (25), जसवंत (20) और रवि (20) के रूप में हुई है। वहीं विष्णु (17) हादसे में घायल हुआ है।

पुलिस के मुताबिक दुर्घटना में शामिल थार का नंबर DL 8C BL 9822 है। थाना प्रभारी अरविंद चौधरी ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस ने मृतकों के शव कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

तेज रफ्तार बनी काल?

गंगा एक्सप्रेसवे पर हुए इस भीषण हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस हादसे के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi