वाराणसी। द्वादश ज्योतिर्लिंगों में प्रमुख बाबा काशी विश्वनाथ मंदिर के बाहर शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब चंदन का टीका लगाने को लेकर कुछ युवकों के बीच सरेराह मारपीट हो गई। टीका लगाने की होड़ में शुरू हुआ यह मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। इस घटना के कारण मंदिर के आसपास मौजूद श्रद्धालुओं और दर्शनार्थियों के बीच काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
कहासुनी के बाद बीच सड़क पर हुई हाथापाई
जानकारी के अनुसार, मंदिर परिसर के बाहर अवैध रूप से घूमकर श्रद्धालुओं को जबरन चंदन का टीका लगाने वाले तीन युवकों के बीच आपस में ही विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते तीनों के बीच गाली-गलौज और लात-घूंसे चलने लगे। बीच सड़क पर हो रही इस गुंडागर्दी को देखकर वहां से गुजर रहे श्रद्धालु डर गए और मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
चौक पुलिस ने त्वरित एक्शन लेते हुए सिखाया सबक
मामले की जानकारी मिलते ही चौक थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और मुस्तैदी दिखाते हुए मारपीट कर रहे तीनों आरोपियों को रंगे हाथों दबोच कर हिरासत में ले लिया। पुलिस इन तीनों को पकड़कर थाने ले आई, जहां कानून का पाठ पढ़ाते हुए पुलिस ने सरेआम हुड़दंग करने वाले इन युवकों से कान पकड़कर उठक-बैठक लगवाई।
अवैध रूप से टीका लगाने वालों पर पुलिस की सख्ती
वाराणसी पुलिस ने साफ कर दिया है कि मंदिर क्षेत्र और उसके आसपास सुरक्षा व्यवस्था और धार्मिक मर्यादा से खिलवाड़ करने वालों को कतई बख्शा नहीं जाएगा। चौक पुलिस के अनुसार, घाटों और मंदिर के रास्तों पर श्रद्धालुओं को जबरन रोककर अवैध रूप से चंदन टीका लगाने और वसूली करने वालों के खिलाफ यह सख्त अभियान आगे भी जारी रहेगा।