रूद्रपुर। ट्रांजिट कैम्प कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार की सायं किरायेदार के रूप में अकेले रहने वाले युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में उसके कमरे में फांसी पर लटका पाया गया सूॅचना मिलने पर पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर बारीकी से निरीक्षण किया और युवक को जिला चिकित्सालय पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाऊस भिजवाया और घटना से मृतक के परिजनों को अवगत कराया सूचना मिलते ही परिजन आ पहुंचे और उनमें कोहराम मच गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार मूल रूप से ग्राम खुखरा रामपुर लखीमपुर खीरी निवासी 22 वर्षीय विनय पुत्र हरिओम पिछले कई वर्षों से ट्रांजिट कैम्प में किरायेदार के रूप में कमरे में अकेला रहकर सिंडकुल की एक कम्पनी में काम करता था। बताया जाता है कि मंगलवार की दोपहर उसने अपनी माता व बहन आदि परिजनों को फोन कर उनका हाल जाना था सायंकाल आस पड़ोस के लोगों ने जब उसे कमरे में फांसी पर लटका देखा तो उन्होंने इसकी जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलने पर पुलिसकर्मी मौके पर आ गये और उन्होंने विनय को फांसी से उतारकर उसे जिला चिकित्सालय भिजवाया तथा कमरे का बारीकी से निरीक्षण किया। चिकित्सकों द्वारा विनय को मृत घोषित करने पर पुलिस ने उसका शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम् हाऊस भिजवाया और घटना की जानकारी उसके बढ़े भाई अनुज को दी। सूचना मिलने पर मृतक विनय के परिजन आ पहुंचे और उनमें कोहराम मच गया। पुलिस ने परिजनों से आवश्यक जानकारी लेकर पंचनामा भरा पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। मृतक विनय दो बहनों व दो भाईयों में सबसे छोटा था।