पीलीभीत। ​युवा व्यापार मंडल उत्तर प्रदेश के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष कपिल अग्रवाल ने दिल्ली स्थित आवास पर केंद्रीय मंत्री और पीलीभीत सांसद जितिन प्रसाद से शिष्टाचार भेंट कर जनपद की विभिन्न समस्याओं और विकास कार्यों पर विस्तृत चर्चा की। इस वार्ता के दौरान कपिल अग्रवाल ने टनकपुर से चलने वाली दुरई एक्सप्रेस के मझोला स्टेशन पर ठहराव का महत्वपूर्ण सुझाव दिया। उन्होंने अवगत कराया कि दिल्ली और खाटू श्याम तक जाने वाली इस ट्रेन की समय सारणी व्यापारियों और श्रद्धालुओं के लिए अत्यंत सुविधाजनक है। साथ ही, मझोला रेलवे स्टेशन के विस्तारीकरण की आवश्यकता पर बल देते हुए उन्होंने तर्क दिया कि समीपवर्ती ‘भरा पचपेड़ा औद्योगिक आस्थान’ शुरू होने के बाद हजारों कर्मचारियों के आवागमन के लिए यह स्टेशन मुख्य केंद्र बनेगा, क्योंकि पड़ोसी औद्योगिक क्षेत्र सितारगंज में रेल सुविधा का अभाव है।

https://x.com/adhunikduniya/status/2025150870879698970?s=20

क्षेत्रीय बुनियादी ढांचे पर चर्चा करते हुए कपिल अग्रवाल ने मझोला और तहसील मुख्यालय अमरिया को जोड़ने वाले 100 वर्ष पुराने दियुनिडाम पुल के पुनर्निर्माण और मार्ग के चौड़ीकरण की मांग उठाई। उन्होंने बताया कि इस जर्जर पुल से प्रतिदिन सैकड़ों गांवों के हजारों लोग जान जोखिम में डालकर सफर करते हैं। इसके अतिरिक्त, मझोला और अमरिया के बीच सार्वजनिक परिवहन के साधनों की कमी के कारण जनता को होने वाली असुविधा को देखते हुए, उन्होंने मझोला में सप्ताह में एक दिन उपजिलाधिकारी (SDM) द्वारा ‘जनता दरबार’ आयोजित करने का प्रस्ताव रखा। साथ ही, न्यूरिया के निकटवर्ती अमरिया तहसील के गांवों को भौगोलिक सुगमता के आधार पर पीलीभीत तहसील से जोड़ने का आग्रह भी किया गया।
​मझोला चीनी मिल के भविष्य को लेकर उन्होंने मिल को सहकारी से पूर्ण सरकारी ढांचे में लाने और इसकी रिक्त भूमि को औद्योगिक आस्थान से जोड़कर नए उद्योग स्थापित करने का सुझाव दिया। इसके साथ ही टनकपुर से अमृतसर (हरमंदिर साहब) और वैष्णों देवी के लिए नई ट्रेन सेवा शुरू करने की मांग भी प्रमुखता से रखी गई। केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद ने सभी सुझावों को गंभीरता से सुनते हुए तत्काल संबंधित अधीनस्थों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने पीलीभीत के सर्वांगीण विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कपिल अग्रवाल से भविष्य में भी जनसमस्याओं और विकास कार्यों हेतु निरंतर संवाद बनाए रखने को कहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *