​पीलीभीत। सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 49वीं वाहिनी के अंतर्गत सीमा चौकी कम्बोजनगर के कार्यक्षेत्र में आने वाले ‘वाइब्रेंट विलेज’ टाटरगंज में शनिवार को एक दिवसीय निशुल्क पशु चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर सीमावर्ती क्षेत्र के पशुपालकों को उनके घर के नजदीक ही बेहतर पशु स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने तथा मवेशियों में होने वाली विभिन्न मौसमी व संक्रामक बीमारियों की रोकथाम और उपचार के उद्देश्य से लगाया गया था।
​शिविर का आयोजन क्षेत्रक मुख्यालय एसएसबी पीलीभीत के कमांडेंट (पशु चिकित्सा) डॉ. गुरविंदर जीत सिंह की गरिमामयी उपस्थिति और देखरेख में संपन्न हुआ। इस दौरान डॉ. सिंह और उनकी मेडिकल टीम ने सीमावर्ती ग्रामीणों के पशुओं का गहन स्वास्थ्य परीक्षण किया और बीमार मवेशियों को उचित उपचार प्रदान किया। इसके साथ ही शिविर में आए पशुपालकों को पशुओं के वैज्ञानिक रख-रखाव, संतुलित पोषण, समय पर टीकाकरण कराने तथा विभिन्न रोगों से बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से जागरूक किया गया।
​इस जनकल्याणकारी शिविर में सीमाई क्षेत्र के कुल 19 पशुपालकों ने हिस्सा लिया, जिनके 54 छोटे-बड़े पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें वाहिनी की ओर से निशुल्क आवश्यक दवाइयां और टॉनिक वितरित किए गए। एसएसबी के इस प्रयास की सीमावर्ती ग्रामीणों ने काफी सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi