पीलीभीत। जनपद की कोतवाली पुलिस ने एनडीए परीक्षा और कक्षा 12वीं उत्तीर्ण कराने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक शातिर अभियुक्त को गोवा से गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। अभियुक्त के विरुद्ध धोखाधड़ी सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में मामला दर्ज था और वह गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था। पुलिस ने आरोपी को माननीय न्यायालय के आदेश पर ट्रांजिट रिमांड पर लेकर अग्रिम कार्यवाही शुरू कर दी है।
घटना का विवरण देते हुए पुलिस ने बताया कि नकटादाना कॉलोनी निवासी राकेश कुमार ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनका पुत्र राज दिवान अजमेर के मिलिट्री स्कूल में पढ़ता था। कक्षा 11वीं में अनुत्तीर्ण होने पर स्कूल के एक शिक्षक के माध्यम से उनकी मुलाकात देहरादून निवासी रजनीकान्त शर्मा से हुई। रजनीकान्त ने छात्र का 12वीं में प्रवेश कराने और एनडीए परीक्षा पास कराने की शत-प्रतिशत गारंटी दी। इस झांसे में आकर पीड़ित परिवार ने विभिन्न माध्यमों से कुल 4,49,500 रुपये अभियुक्त को दे दिए। रकम हड़पने के बाद आरोपी ने न तो प्रवेश कराया और न ही परीक्षा से संबंधित कोई मदद की। पैसे वापस मांगने पर आरोपी ने पीड़ित परिवार को गाली-गलौज करते हुए जान से मारने और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए मु.अ.सं. 230/25 के तहत बीएनएस की धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया था। आरोपी की तलाश में पुलिस की टीमें उत्तराखंड और अन्य संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थीं, लेकिन वह फरार चल रहा था। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध गैर-जमानती वारंट प्राप्त किया। इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और सर्विलांस की मदद से आरोपी की लोकेशन गोवा के थाना कोलवा क्षेत्र स्थित एसके रेजिडेंसी में पाई गई। कोतवाली पुलिस की टीम ने 21 फरवरी 2026 को गोवा में दबिश देकर अभियुक्त रजनीकान्त शर्मा को गिरफ्तार कर लिया। स्थानीय न्यायालय से 72 घंटे की ट्रांजिट रिमांड स्वीकृत होने के बाद पुलिस उसे लेकर पीलीभीत आई है। इस सफलता में उप निरीक्षक तरुण कुमार और आरक्षी अजय कुमार की मुख्य भूमिका रही।