रुद्रपुर / सितारगंज (ऊधम सिंह नगर)। जिला आबकारी अधिकारी ऊधम सिंह नगर महेन्द्र सिंह बिष्ट के कड़े निर्देशन में आबकारी विभाग की टीमों ने आज जिले में अवैध शराब के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी संयुक्त कार्रवाई को अंजाम दिया है। आज दिनांक 13.09.2026 को रुद्रपुर और सितारगंज (खटीमा क्षेत्र) के विभिन्न इलाकों में ताबड़तोड़ छापेमारी कर 12 जलती हुई भट्टियों और 24 हजार किलो से अधिक लहन को नष्ट किया गया, साथ ही भारी मात्रा में कच्ची शराब के साथ 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
रुद्रपुर के बिंदुखेड़ा व रायपुर में 10 जलती भट्टियां और 22000 किलो लहन नष्ट
पहली बड़ी कार्रवाई क्षेत्र-01 रुद्रपुर के आबकारी निरीक्षक सोनू सिंह के नेतृत्व में की गई। इस संयुक्त टीम में काशीपुर, बाजपुर व प्रवर्तन दल ऊधम सिंह नगर की आबकारी टीमें शामिल रहीं। टीम ने क्षेत्र के ग्राम बिन्दुखेड़ा व रायपुर के जंगलों में अचानक धाबा बोला।
यहाँ मौके पर चल रही 10 जलती हुई शराब की भट्टियों को समूल नष्ट कर दिया गया। इसके साथ ही शराब बनाने के लिए ड्रमों में भरकर रखा गया 22,000 किलो लहन मौके पर ही बहाकर नष्ट किया गया और 370 लीटर अवैध शराब बरामद की गई।
रायपुर व अमरपुर से दो आरोपी गिरफ्तार, 440 लीटर शराब जब्त
इसी दौरान ग्राम रायपुर व अमरपुर में दो अलग-अलग घरों में दबिश दी गई:
- अभियुक्ता आशा कौर के पास से एक कट्टे से 50 पाउच (धारिता 500 एमएल, कुल 25 लीटर) अवैध शराब बरामद हुई।
- अभियुक्त दारा सिंह के पास से एक रबर ट्यूब में लगभग 45 लीटर अवैध शराब खाम बरामद हुई।
रुद्रपुर क्षेत्र से आबकारी टीम ने कुल 440 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद कर दोनों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया।
सितारगंज के डोडा फॉर्म और उकरौली में खटीमा टीम का बड़ा एक्शन, 3 गिरफ्तार
दूसरी तरफ, जिला आबकारी अधिकारी ने बताया कि आबकारी निरीक्षक खटीमा बृजेश जोशी के नेतृत्व में आबकारी टीम ने सितारगंज क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले डोडा फॉर्म तिलियापुर एवं उकरौली में बड़ी कार्रवाई की। यहाँ टीम ने 02 अवैध शराब की भट्टियाँ और 2,400 किग्रा लहन
मौके पर नष्ट किया। साथ ही वहां तैयार पड़ी 110 लीटर कच्ची शराब को कब्जे में लिया।
उकरौली में ही दबिश देकर तीन अन्य शराब तस्करों को गिरफ्तार किया गया:
- अभियुक्ता श्रीमती जंगीरो से 18 लीटर कच्ची शराब (13 लीटर ड्रम से + 20 पाउच यानी 5 लीटर) बरामद हुई।
- अभियुक्त रंजीत सिंह से 10 लीटर कच्ची शराब बरामद हुई।
- अभियुक्त राम सिंह से 21 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की गई।
खटीमा आबकारी टीम द्वारा पकड़े गए इन सभी आरोपियों के विरुद्ध भी आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है।