आगरा। आगरा के बाह कस्बे में आज एक रोंगटे खड़े कर देने वाला हादसा हो गया। यहाँ एक हलवाई की दुकान पर खौलते तेल की कढ़ाई में एक बच्चा स्कूटी समेत जा गिरा। इस हृदयविदारक घटना में बच्चा बुरी तरह झुलस गया है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर किया गया है।
बच्चे ने अचानक घुमा दिया एक्सीलेटर
जानकारी के मुताबिक, यह हादसा उस समय हुआ जब एक व्यक्ति अपनी स्कूटी स्टार्ट छोड़कर किसी काम से उतरा था। स्कूटी पर एक छोटा बच्चा बैठा हुआ था। बताया जा रहा है कि बच्चे ने खेल-खेल में अचानक स्कूटी का एक्सीलेटर (हाथ) घुमा दिया, जिससे स्टार्ट स्कूटी पूरी रफ्तार के साथ सामने स्थित हलवाई की दुकान में जा घुसी।
खौलती कढ़ाई में समा गया बच्चा
दुकान के बाहर भट्टी पर कढ़ाई में गर्म तेल उबल रहा था। अनियंत्रित स्कूटी सीधे भट्टी से टकराई और उस पर बैठा मासूम बच्चा सीधे खौलते तेल की कढ़ाई में जा गिरा। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़े और भारी मशक्कत के बाद बच्चे को तेल से बाहर निकाला।
हायर सेंटर रेफर, हालत नाजुक
परिजनों ने आनन-फानन में बच्चे को स्थानीय अस्पताल पहुँचाया, जहाँ उसकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे तुरंत आगरा के हायर मेडिकल सेंटर के लिए रेफर कर दिया है। इस घटना के बाद से बाह कस्बे में हड़कंप मचा हुआ है और बच्चे के माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है।