पीलीभीत। अपर गन्ना आयुक्त (क्रय) एवं बरेली परिक्षेत्र के नोडल अधिकारी श्री विश्वेष कनौजिया ने जनपद का भ्रमण कर बसंतकालीन गन्ना बुवाई और पुरानी अनुपयोगी गन्ना किस्मों के विस्थापन की प्रगति की गहन समीक्षा की। समीक्षा के दौरान पाया गया कि जनपद में अब तक 29,268 हेक्टेयर क्षेत्रफल में गन्ना बुवाई का कार्य पूर्ण हो चुका है, जो निर्धारित लक्ष्य का लगभग 53 प्रतिशत है। आंकड़ों के अनुसार एल.एच. चीनी मिल क्षेत्र में 19,710 हेक्टेयर, बीसलपुर में 2,838 हेक्टेयर, बरखेड़ा में 4,550 हेक्टेयर और पूरनपुर चीनी मिल क्षेत्र में 2,150 हेक्टेयर में बुवाई संपन्न हो चुकी है। नोडल अधिकारी ने संतोष व्यक्त किया कि जनपद में गन्ना बीज की पर्याप्त उपलब्धता है और किसानों को उन्नत व प्रमाणित किस्मों के उपयोग हेतु लगातार प्रोत्साहित किया जा रहा है।

भ्रमण के दौरान श्री कनौजिया ने बीसलपुर के ग्राम भसूड़ा में प्रगतिशील किसान डॉ. हरमीत सिंह के कृषि फार्म का विशेष रूप से निरीक्षण किया। डॉ. हरमीत सिंह जिले में आधुनिक और तकनीक आधारित खेती की एक नई मिसाल पेश कर रहे हैं। वे न केवल नवीनतम गन्ना किस्मों का बीज उत्पादन कर अन्य किसानों को उपलब्ध करा रहे हैं, बल्कि सिंचाई प्रबंधन के लिए ‘सॉइल मॉइस्चर सेंसर’ (नमी मापक यंत्र) का भी प्रभावी उपयोग कर रहे हैं। इस तकनीक से जल संरक्षण के साथ-साथ फसल की गुणवत्ता और उत्पादकता में भी उल्लेखनीय वृद्धि देखी गई है। डॉ. सिंह ने अब तक 46 किसानों को उन्नत बीज के साथ-साथ तकनीकी मार्गदर्शन भी प्रदान किया है।

विशेष रूप से डॉ. हरमीत सिंह द्वारा पिछले एक वर्ष से एकीकृत नाशीजीव प्रबंधन (IPM) और पोषक तत्व प्रबंधन में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) आधारित तकनीकों का उपयोग किया जा रहा है। इस आधुनिक पद्धति के सफल प्रयोग से उन्होंने प्रति हेक्टेयर अधिकतम उत्पादन प्राप्त करने का रिकॉर्ड स्थापित किया है। अपर गन्ना आयुक्त ने जनपद के समस्त किसानों से अपील की है कि वे पुरानी और कम उत्पादक किस्मों को त्यागकर वैज्ञानिक विधियों और उन्नत किस्मों को अपनाएं। उन्होंने जोर देकर कहा कि तकनीक के समन्वय से ही किसान अपनी लागत कम कर आय में आशातीत वृद्धि कर सकते हैं। इस अवसर पर उप गन्ना आयुक्त राजेश मिश्रा, जिला गन्ना अधिकारी खुशी राम भार्गव सहित विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)