​पीलीभीत । जनपद में खेल प्रतिभाओं को निखारने और युवाओं को निशानेबाजी के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आज जिला राइफल क्लब द्वारा आयोजित तीन दिवसीय शूटिंग प्रतियोगिता का शानदार शुभारंभ हुआ। जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह एवं पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव ने संयुक्त रूप से फीता काटकर और दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। उद्घाटन के अवसर पर जिलाधिकारी ने स्वयं .22 बोर राइफल से सटीक निशाना लगाकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।


​प्रतियोगिता के पहले दिन राजपत्रित अधिकारियों, सीनियर सिटीजन, स्टेट व नेशनल खिलाड़ियों सहित महिला और बालक-बालिका वर्ग के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप खेल सुविधाओं को ग्रामीण स्तर तक पहुँचाया जा रहा है। उन्होंने राइफल क्लब को और अधिक सशक्त बनाने पर जोर देते हुए कहा कि स्टेडियम और राइफल क्लब के माध्यम से ऐसी प्रतियोगिताओं का निरंतर आयोजन किया जाएगा। उन्होंने विशेष रूप से ‘मिशन शक्ति’ के तहत स्नातक कर रही छात्राओं और ग्रामीण महिलाओं को इस खेल से जुड़ने का आह्वान किया ताकि वे आत्मरक्षण के साथ-साथ खेल जगत में अपना भविष्य संवार सकें।


​पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव ने सफल आयोजन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मिशन शक्ति फेज-5 के तहत बेटियों और महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करना हमारी प्राथमिकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस तरह के आयोजनों से जिले में खेल के प्रति एक सकारात्मक ऊर्जा का संचार होगा। कार्यक्रम का सफल संचालन मंसूर अहमद शम्सी द्वारा किया गया।
​इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह गंगवार, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), नगर मजिस्ट्रेट, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी और प्रेस क्लब अध्यक्ष डॉ. अमिताभ अग्निहोत्री सहित जिला प्रशासन के तमाम अधिकारी मौजूद रहे। राइफल क्लब के सदस्य मोहम्मद जहांगीर, अजय सिंह भदौरिया, मैच रेफरी अय्याज अली खां और एनसीसी कैडेट्स ने भी कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता की।

(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *