पीलीभीत। उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जनपद के थाना जहानाबाद क्षेत्र में एक सेवानिवृत्त अध्यापक से हुई लूट के मामले में फरार चल रहे ₹50,000 के इनामी शातिर अभियुक्त अतीउल्ला को पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई दिनांक 18.06.2026 को मुखबिर खास से मिली सटीक सूचना के आधार पर जेएमबी तिराहा से की गई। गिरफ्तार अभियुक्त अतीउल्ला पुत्र मोबीन, ग्राम अहरौली, थाना कसया, जनपद कुशीनगर का निवासी है। पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा इसकी शीघ्र गिरफ्तारी के लिए ₹50,000 का इनाम घोषित किया गया था। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद अभियुक्त को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया गया है।
यह पूरा मामला दिनांक 09.03.2026 का है, जब थाना जहानाबाद क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम कनाकोर निवासी सेवानिवृत्त अध्यापक श्री श्याम बिहारी लाल को चार अज्ञात बदमाशों ने एक हुंडई कार (संख्या UP-32-FQ-0503) में बैठाकर उनसे ₹23,000 की लूट की थी और रास्ते में उतारकर फरार हो गए थे। पीड़ित की सूचना पर जहानाबाद पुलिस ने मु0अ0सं0 82/26 धारा 309(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया था। इस मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने पहले ही दिनांक 20.03.2026 को दो अभियुक्तों धर्मेंद्र और मेईनुद्दीन को जेल भेजा था, जबकि दिनांक 18.04.2026 को एक अन्य ₹50,000 के इनामी अभियुक्त सहादत को पुलिस मुठभेड़ के दौरान अवैध असलहे और मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया था। चौथा अभियुक्त अतीउल्ला लगातार फरार चल रहा था, जिसे अब दबोच लिया गया है।
गिरफ्तार अभियुक्त अतीउल्ला एक शातिर किस्म का अपराधी है, जिसका लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ जनपद कुशीनगर के थाना कसया, थाना कुबेरस्थान और जनपद अम्बेडकर नगर के कोतवाली अम्बेडकर नगर में लूट, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और गुंडा एक्ट जैसी गंभीर धाराओं में पहले से ही करीब 9 मुकदमे दर्ज हैं। इस महत्वपूर्ण सफलता को हासिल करने वाली संयुक्त टीम में जहानाबाद थाने के प्रभारी निरीक्षक श्री जयशंकर सिंह, उपनिरीक्षक विवेक कुमार, कांस्टेबल हिमांशू चौधरी और एसटीएफ के उपनिरीक्षक दीपक कुमार सहित हेड कांस्टेबल आकाश कुमार, अमरजीत, सुबोध, देवदत्त, सतेन्द्र व खुर्शीद शामिल रहे।