विक्टोरिया (सेशेल्स)। नरेन्द्र मोदी ने सेशेल्स के स्वतंत्रता के 50 वर्ष पूरे होने पर आयोजित राष्ट्रीय दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। इस सम्मान को प्राप्त करने वाले वे पहले भारतीय प्रधानमंत्री बन गए हैं।
समारोह के दौरान भारतीय नौसेना और थलसेना की टुकड़ियों ने परेड में हिस्सा लिया, जबकि भारतीय नौसेना के बैंड ने भी अपनी प्रस्तुति दी। इस अवसर पर आईएनएस तरकश और आईएनएस इक्षक विक्टोरिया में तैनात रहे, जिसने भारत और सेशेल्स के मजबूत संबंधों को प्रदर्शित किया।
प्रधानमंत्री मोदी ने सेशेल्स की जनता को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। वे सेशेल्स के राष्ट्रपति पैट्रिक हरमाइनी के निमंत्रण पर वहां पहुंचे थे। समारोह में एस. जयशंकर, अजीत डोभाल तथा नवीनचंद्र रामगुलाम भी उपस्थित रहे।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, हिंद महासागर क्षेत्र में सेशेल्स भारत के ‘महासागर विजन’ का महत्वपूर्ण साझेदार है और इस यात्रा से दोनों देशों के बीच रणनीतिक और द्विपक्षीय सहयोग को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।