सितारगंज। सिडकुल सितारगंज से करीब चार लाख रुपये का प्लाईवुड लेकर पुणे के लिए रवाना हुआ आयशर कैंटर गंतव्य तक नहीं पहुंचा। चालक का मोबाइल बंद मिलने के बाद वाहन स्वामी से संपर्क किया गया तो उसने भी चालक और वाहन की तलाश किए जाने की बात कही।
गांव कुँवरपुर, सिसैया निवासी मोहम्मद आजम ने बताया कि 27 अगस्त को बालाजी एक्शन बिल्डवैल प्रा. लि. कंपनी, सितारगंज से आयशर कैंटर में प्लाईवुड लादकर पुणे के लिए भेजा गया था। वाहन को महाराष्ट्र के अकोला निवासी चालक आशीष वसंता पवार चला रहा था। चार सितंबर को चालक से फोन पर बातचीत हुई तो उसने तीन-चार घंटे में माल पार्टी तक पहुंचाने की बात कही। इसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया और संपर्क नहीं हो सका।
मोहम्मद आजम ने बताया कि उसने वाहन स्वामी हरिल विजय भाले से संपर्क किया। वाहन स्वामी ने बताया कि वह वाहन पहले ही बेच चुका है, लेकिन इसके बावजूद चालक और वाहन की तलाश कर रहा है। उसने चालक के घर जाने की बात भी कही, जहां वह नहीं मिला। वाहन स्वामी के अनुसार महाराष्ट्र के अमरावती जिले के माहुली पुलिस स्टेशन में भी इसकी सूचना दी गई है।
आरोप लगाया है कि चालक करीब चार लाख रुपये का प्लाईवुड गंतव्य तक पहुंचाए बिना गायब हो गया। उन्होंने पुलिस से मामले में प्राथमिकी दर्ज कर उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है।