सितारगंज। नगर स्थित मोनी बाबा मंदिर से गंगोत्री कांवड़ यात्रा के लिए श्रद्धालुओं का पहला जत्था शनिवार रात विधि-विधान के साथ रवाना हुआ। यात्रा शुरू होने से पहले शिवभक्तों ने मंदिर में भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर सुखद, सुरक्षित एवं मंगलमय यात्रा की कामना की।
मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं ने बताया कि गंगोत्री धाम से पवित्र गंगाजल लेकर लौटने के बाद भगवान शिव का विधिवत जलाभिषेक किया जाएगा।
यात्रा के सफल एवं सकुशल संपन्न होने की सभी श्रद्धालुओं ने प्रार्थना की। इस अवसर पर आशु, राहुल, आशीष, धर्मवीर, अभिषेक, शिवम, करण, लोकेश, अम्मा सहित अन्य शिवभक्त उपस्थित रहे।