रुद्रपुर। पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने शनिवार देर रात रिंग रोड पर बैरियर चेकिंग के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए बाइक सवार दो युवकों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 2.182 किलोग्राम अफीम बरामद की है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है, जबकि मामले में सामने आए मुख्य सप्लायर की तलाश तेज कर दी गई है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने बताया कि शनिवार रात शिव मंदिर के पास फ्लाईओवर के निकट कोतवाल प्रकाश दानू, एसओजी प्रभारी उमेश कुमार, बगवाड़ा चौकी प्रभारी सुरेंद्र सिंह रिंगवाल, उपनिरीक्षक मनोज जोशी तथा संयुक्त पुलिस टीम बैरियर लगाकर वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान करतारपुर की ओर से बाइक पर आ रहे दो युवकों ने पुलिस को देखकर भागने का प्रयास किया, लेकिन तेज बारिश के कारण उनकी बाइक फिसल गई और दोनों मौके पर ही पकड़ लिए गए।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान झनकार सिंह (मूल निवासी बहेड़ी, बरेली, हाल निवासी ट्रांजिट कैंप) और आकाश वर्मा (मूल निवासी बरखेड़ा, पीलीभीत, हाल निवासी ट्रांजिट कैंप) के रूप में हुई। तलाशी के दौरान झनकार सिंह के बैग से 1.077 किलोग्राम तथा आकाश वर्मा के बैग से 1.105 किलोग्राम अफीम बरामद हुई।

पूछताछ में दोनों आरोपियों ने पुलिस को बताया कि बरामद अफीम उन्हें मुजफ्फर अंसारी, जो तीनपानी क्षेत्र में बिरयानी का कारोबार करता है, ने फ्लाईओवर के पास एक अज्ञात व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए दी थी। पुलिस अब मुजफ्फर अंसारी की भूमिका की गहन जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि अफीम की खेप कहां से लाई गई थी तथा इस तस्करी नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi