सितारगंज। देश की सीमा पर तैनात भारतीय सेना के एक जवान से ऑनलाइन माध्यम से एक लाख रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। ड्यूटी पर तैनात होने के कारण पीड़ित जवान खुद कोतवाली नहीं पहुंच सका, जिसके बाद उनके पिता ने पुलिस को तहरीर सौंपकर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सितारगंज के ग्राम सिसौना निवासी राजेंद्र सिंह कार्की ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका बेटा अमन सिंह कार्की भारतीय सेना (Indian Army) में कार्यरत है और वर्तमान में मुनस्यारी में देश की सेवा में तैनात है। आरोप है कि बीते 28 मई को किसी अज्ञात शातिर साइबर ठग ने ऑनलाइन जालसाजी करते हुए फौजी अमन सिंह के बैंक खाते से एक लाख रुपये उड़ा लिए।
खाते से रकम कटने की जानकारी होने पर पीड़ित जवान ने तत्काल राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर अपनी ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद अब उनके पिता ने स्थानीय कोतवाली पुलिस को लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है। मामले की जानकारी देते हुए सीओ डीआर वर्मा ने बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की सघन जांच शुरू कर दी है। साइबर ठग के बैंक खातों और डिजिटल फुटप्रिंट्स को खंगालकर अज्ञात आरोपी की पहचान करने और उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने के प्रयास किए जा रहे हैं।