सितारगंज। यूओयू हल्द्वानी के अध्ययन केंद्र राजकीय पीजी महाविद्यालय सितारगंज में नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं के लिए दीक्षारंभ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा की व्यवस्था, विश्वविद्यालय की कार्यप्रणाली और अध्ययन से जुड़ी विभिन्न सुविधाओं की जानकारी दी गई।
शनिवार को सहायक समन्वयक डॉ. दीक्षा खम्पा ने बताया कि महाविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय के शैक्षणिक वातावरण से परिचित कराने के साथ अध्ययन प्रक्रिया को सुगम बनाना है। इस दौरान विद्यार्थियों को प्रवेश प्रक्रिया, पाठ्यक्रम, अध्ययन सामग्री, परीक्षा प्रणाली और ऑनलाइन शिक्षण सुविधाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही, विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, अनुशासन और समय प्रबंधन के महत्व पर बताते हुए शैक्षणिक लक्ष्यों के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया।
इसके अलावा उच्च शिक्षा के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने और उपलब्ध शैक्षणिक संसाधनों का बेहतर उपयोग कर अपने भविष्य को संवारने का संदेश दिया गया।