बरखेड़ा (पीलीभीत)। बीते 2 अगस्त 2025 को सड़क हादसे में घायल हुए युवक की लंबी उपचार प्रक्रिया के बाद मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, बरखेड़ा कस्बे के वार्ड नंबर-9 निवासी अभिषेक मिश्रा (25 वर्ष) पुत्र प्रभात मिश्रा 2 अगस्त को बाइक से शाहजहांपुर जा रहे थे। इसी दौरान निगोही थाना क्षेत्र के गांव राघवपुर सिकंदरपुर के पास वह सड़क दुर्घटना का शिकार हो गए। घटना की रिपोर्ट परिजनों द्वारा निगोही थाने में दर्ज कराई गई थी।
हादसे के बाद गंभीर रूप से घायल अभिषेक को इलाज के लिए गुरुग्राम (हरियाणा) स्थित वेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां करीब पांच माह तक उपचार चला। इसके बाद शुक्रवार देर रात लगभग 9 बजे, बरेली इलाज के लिए ले जाते समय रास्ते में अभिषेक ने दम तोड़ दिया।
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। वहीं गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।