पीलीभीत। उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां बहन की शादी की लगन लेकर जा रहे इकलौते भाई की सड़क हादसे में मौत हो गई। जिस घर में आगामी 26 अप्रैल को शहनाइयां गूंजनी थीं, वहां अब भाई की अर्थी उठने से शादी का उल्लास गहरे शोक में बदल गया है। मृतक की पहचान थाना सेहरामऊ उत्तरी क्षेत्र के ग्राम सपहा निवासी 26 वर्षीय विकास राठौर के रूप में हुई है। वह अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र और दो बहनों का अकेला भाई था।
हादसा गोला-खुटार राष्ट्रीय राजमार्ग पर मैलानी थाना क्षेत्र के लालहपुर-चमरपुर के पास हुआ। जानकारी के अनुसार, विकास अपने साथी रामवीर के साथ बाइक से अपनी बड़ी बहन की शादी की लगन लेकर ससुराल जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही एक अन्य बाइक से उनकी भीषण भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मौके पर तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां दूसरी बाइक पर सवार श्रीकृष्ण नामक व्यक्ति को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
गंभीर रूप से घायल विकास और रामवीर की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें लखनऊ रेफर किया गया था, लेकिन रविवार देर शाम उपचार के दौरान विकास ने भी दम तोड़ दिया। इकलौते बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। घर में जहां शादी की तैयारियां जोरों पर थीं, वहां अब केवल चीख-पुकार और सन्नाटा पसरा है। कुदरत के इस क्रूर प्रहार से पूरे गांव में शोक की लहर है और पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)