सितारगंज। प्रशासन ने शक्तिफार्म के गांव राजनगर में वर्षों से चली आ रही जल निकासी की समस्या का समाधान करा दिया है। वहीं, प्रशासन के इस कदम से गांव के करीब 170 परिवारों को राहत मिली है। बरसात के दिनों में जलभराव के कारण लोगों को आवागमन के साथ ही जहरीले व जलीय जीव-जंतुओं के खतरे का भी सामना करना पड़ता था।
शक्तिफार्म के गांव राजनगर से सितारगंज रोड को जाने वाली सड़क के एक ओर तटबंध बना हुआ है। तटबंध और सड़क के बीच कई एकड़ भूमि में जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं थी। ऐसे में बरसात के दौरान पानी खेतों और प्लॉटों में लंबे समय तक जमा रहता था।
इससे वहां रहने वाले परिवारों को घरों तक आने-जाने में भारी परेशानी उठानी पड़ती थी। जलभराव के बीच सांप, बिच्छू और अन्य जलीय जीव-जंतुओं का खतरा भी बना रहता था।
वहीं, ग्रामीण लंबे समय से प्रशासन से जल निकासी की व्यवस्था कराने की मांग कर रहे थे। जिस पर प्रशासन ने बृहस्पतिवार को सड़क किनारे ह्यूम पाइप डालकर पानी की निकासी की व्यवस्था कराई। इससे बरसात के दौरान खेतों और प्लॉटों में जमा होने वाला पानी अब आसानी से निकल सकेगा।
ग्रामीणों ने बताया कि जलभराव की समस्या कई वर्षों से बनी हुई थी। हर बरसात में खेत और प्लॉट पानी से भर जाता था। जिससे दैनिक जीवन प्रभावित होता था। जल निकासी की व्यवस्था होने से करीब 170 परिवारों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
इधर, तहसीलदार हिमांशु जोशी ने बताया कि राजनगर में जल निकासी न होने के कारण बरसात के दिनों में लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था। ग्रामीणों की समस्या पर मौके का निरीक्षण कर सड़क किनारे ह्यूम पाइप के माध्यम से जल निकासी की व्यवस्था कराई गई है। इससे बरसात के दौरान जमा होने वाले पानी की आसानी से निकासी हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi