सितारगंज। मुख्यमंत्री मेधावी छात्रवृत्ति परीक्षा-2026 में राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बलखेड़ा के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया है। विद्यालय के आठ विद्यार्थियों का छात्रवृत्ति के लिए चयन हुआ है। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार और उनके परिजनों में खुशी का माहौल है।
चयनित विद्यार्थियों में कक्षा छह से प्रियंका कौर, रौशनी कौर, अनुग्रह सिंह, हर्षदीप सिंह, आरव सिंह राणा और नक्ष सिंह शामिल हैं। वहीं, कक्षा नौ से परविंदर कौर और रमनजीत कौर ने छात्रवृत्ति परीक्षा में सफलता हासिल की है।
छात्रवृत्ति योजना के तहत चयनित कक्षा छह के विद्यार्थियों को 7,200 रुपये वार्षिक तथा कक्षा नौ के विद्यार्थियों को 10,200 रुपये वार्षिक छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। विद्यार्थियों ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के बल पर यह उपलब्धि हासिल कर विद्यालय का नाम रोशन किया है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य नृपेंद्र कुमार उपाध्याय ने सभी चयनित विद्यार्थियों और छात्रवृत्ति प्रभारी शिक्षिका भावना आर्य को बधाई दी। उन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि यह सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी।