करेली UP (पीलीभीत)। जनपद के करेली थाना क्षेत्र से विवाहिता उत्पीड़न और दूसरी शादी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। विदेश में पढ़ाई कर वापस लौटी महिला को तब बड़ा झटका लगा, जब उसे पता चला कि उसके पति ने दूसरी शादी रचा ली है। पीड़िता की शिकायत पर एसपी के निर्देश पर पुलिस ने आरोपी पति समेत दस लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
करेली थाना क्षेत्र के गांव ढकिया जलालपुर निवासी पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव को दिए शिकायती पत्र में बताया कि उसकी शादी लगभग पांच वर्ष पूर्व पूरनपुर थाना क्षेत्र के गांव शेरपुर मकरंदपुर निवासी गुरपिंदर सिंह पुत्र कुलदीप सिंह से हुई थी। शादी में परिजनों ने अपनी क्षमता के अनुसार दान-दहेज दिया, लेकिन इसके बावजूद ससुराल पक्ष संतुष्ट नहीं हुआ।
पीड़िता का आरोप है कि दहेज की मांग को लेकर उसके साथ मारपीट की गई और उसे घर से निकाल दिया गया। इसके बाद उसके पिता ने भविष्य सुधारने के उद्देश्य से उसे पढ़ाई के लिए कनाडा भेज दिया। इसी दौरान आरोपी पति ने कथित रूप से दूसरी शादी कर ली।
विवाहिता ने बताया कि जब वह विदेश से पढ़ाई पूरी कर घर लौटी, तब उसे पति की दूसरी शादी की जानकारी हुई। पीड़िता ने मामले की शिकायत एसपी से की, जिस पर एसपी ने इसे गंभीरता से लेते हुए करेली पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए।
एसपी के आदेश पर पुलिस ने आरोपी पति सहित दस लोगों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर ली है और मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *