वाराणसी। उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले से चोरी की एक बेहद हैरान कर देने वाली और अनोखी वारदात सामने आई है। यहाँ मंडुवाडीह थाना क्षेत्र में स्थित एक नामी बाइक एजेंसी का चैनल गेट काटकर अंदर घुसे एक शातिर चोर ने न सिर्फ लाखों की चोरी की, बल्कि एजेंसी के अंदर ही करीब 4 घंटे तक वीआईपी मेहमान की तरह आराम फरमाया। पुलिस और फॉरेंसिक टीमें सीसीटीवी फुटेज के आधार पर इस अनोखे चोर की तलाश में जुट गई हैं।
फ्रिज से निकाला पानी, कॉफी बनाकर पिया और नहाया
मिली जानकारी के अनुसार, चोर देर रात बाइक एजेंसी का लोहे का गेट काटकर भीतर दाखिल हुआ। अंदर घुसने के बाद उसे पकड़े जाने का कोई डर नहीं था। उसने सबसे पहले एजेंसी में रखे फ्रिज को खोला, ठंडा पानी पिया और खुद के लिए बड़े आराम से कॉफी तैयार की। इसके बाद शातिर चोर ने एजेंसी के वाशरूम में जाकर बकायदा स्नान भी किया। हैरान कर देने वाली बात यह रही कि नहाने के बाद उसने अपने गीले अंडरगार्मेंट्स को सूखने के लिए एजेंसी के ही मुख्य काउंटर पर फैला दिया।
साउंड बॉक्स पर बजाया गाना, किया ‘लूंगी डांस’
चोरी की नीयत से आए इस शख्स की मनमौजी हरकतें यहीं नहीं रुकीं। आराम करने और नहाने-खाने के बाद उसने एजेंसी के शोरूम में रखे बड़े साउंड बॉक्स को चालू किया। उस पर तेज आवाज में गाना बजाकर उसने काफी देर तक अकेले ही ‘लूंगी डांस’ किया। उसकी यह पूरी करतूत और बेखौफ अंदाज शोरूम के अंदर लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों में कैद हो गया है।
4.70 लाख रुपये कैश और महंगी KTM बाइक लेकर हुआ चंपत
लगभग 4 घंटे तक शोरूम के अंदर ऐश करने के बाद चोर ने अपने असली काम को अंजाम दिया। उसने काउंटर के लॉकर को तोड़कर वहां रखे ₹4 लाख 70 हजार की नकदी समेट ली। इसके बाद वह शोरूम में खड़ी एक चमचमाती महंगी KTM बाइक की चाबी ढूंढकर उसे स्टार्ट किया और नकद व बाइक लेकर मौके से रफूचक्कर हो गया।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी
अगली सुबह जब एजेंसी के कर्मचारियों ने ताला टूटा देखा तो उनके होश उड़ गए। मामले की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। मंडुवाडीह थाना पुलिस ने फॉरेंसिक और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट्स की टीम के साथ मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज में चोर का चेहरा और उसकी अजीबो-गरीब हरकतें साफ दिखाई दे रही हैं, जिसके आधार पर उसे पकड़ने के लिए टीमें रवाना कर दी गई हैं।