लखनऊ। राजधानी लखनऊ में निवेश के नाम पर हुई 5 लाख रुपये की लूट के मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। जांच में एक सिपाही की संलिप्तता सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। मामले में कमता चौकी इंचार्ज पर भी साजिश में शामिल होने के आरोप लगे हैं।

जानकारी के अनुसार, चिनहट क्षेत्र में निवेश के नाम पर एक व्यक्ति से 5 लाख रुपये की लूट की गई थी। जांच के दौरान पुलिस को ऐसे साक्ष्य मिले, जिनसे पता चला कि घटना की जानकारी कमता चौकी इंचार्ज को पहले से थी। इसके बाद पुलिस ने चौकी इंचार्ज मोहित को भी मामले में आरोपी बना लिया।

सूत्रों के मुताबिक, लूटकांड में एक सिपाही की भूमिका भी सामने आई है, जिसके बाद पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी चौकी इंचार्ज की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

पुलिस अब तक इस प्रकरण में चार लोगों को हिरासत में लेकर जेल भेज चुकी है। हालांकि, घटना का मुख्य आरोपी बताया जा रहा सीआरपीएफ का एक दारोगा अभी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। यह मामला पुलिस विभाग की साख पर भी सवाल खड़े कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © 2026 Adhunik Duniya | Owned by Akash Singh | Maintained by Lalit Rastogi