पीलीभीत। ड्रमंड राजकीय इंटर कॉलेज प्रांगण में रोटरी क्लब पीलीभीत के सौजन्य से और श्री राम मूर्ति स्मारक (एसआरएमएस) मेडिकल कॉलेज, बरेली के सहयोग से एक विशाल निशुल्क स्वास्थ्य चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ रोटरी क्लब के अध्यक्ष रो. डॉ. अनिल सक्सेना तथा ड्रमंड राजकीय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य ने लाल रिबन खोलकर संयुक्त रूप से किया। इसके उपरांत रोटरी सदस्यों डॉ. पी.एन. सक्सेना, डॉ. उमेश वाष्र्णेय, डॉ. ममता सक्सेना, डॉ. राहुल शर्मा, सचिव कपीश अग्रवाल तथा उप प्रधानाचार्य डॉ. आर.पी. गंगवार ने बरेली से आए सभी अतिथि चिकित्सकों को पटका पहनाकर उनका भव्य स्वागत किया। क्लब अध्यक्ष डॉ. अनिल सक्सेना ने शिविर में पधारे सभी विशेषज्ञ डॉक्टरों, पैरामेडिकल स्टाफ और क्षेत्र से आए मरीजों का हार्दिक अभिनंदन करते हुए रोटरी के इस मानवीय प्रयास की रूपरेखा सामने रखी।

इस चिकित्सा शिविर में एसआरएमएस मेडिकल कॉलेज के कैंसर, न्यूरो, पेट एवं लिवर रोग, किडनी रोग व अन्य विधाओं के प्रख्यात विशेषज्ञ डॉ. अरविंद कुमार चौहान, डॉ. प्रवीण त्रिपाठी, डॉ. शिवम गुप्ता, डॉ. संजय कुमार और डॉ. हर्षित अग्रवाल ने अपनी सेवाएं दीं। टीम ने पीलीभीत शहर के अलावा बीसलपुर, पूरनपुर, अमरिया और विभिन्न ग्रामीण अंचलों से आए 206 पुराने व नए मरीजों का गहन स्वास्थ्य परीक्षण किया। शिविर के दौरान मरीजों को एसआरएमएस की ओर से सभी आवश्यक दवाइयाँ निशुल्क प्रदान की गईं। साथ ही ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर सहित अनेकों स्वास्थ्य जाँचें भी पूरी तरह मुफ्त की गईं, जिससे निर्धन और जरूरतमंद मरीजों को बड़ी राहत मिली।

शिविर को सफल बनाने में रो. एन.के. बालियान, रो. उमेश गुप्ता, रो. अंशुल अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य सदस्यों और कॉलेज स्टाफ का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम का कुशल संचालन डॉ. राकेश गुप्ता ने किया तथा अध्यक्षता क्लब अध्यक्ष डॉ. अनिल सक्सेना ने की। सत्र के समापन पर रोटरी क्लब की ओर से उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले सभी अतिथि चिकित्सकों और सहयोगियों को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया, जिसके बाद दोपहर भोज के साथ शिविर का सफलतापूर्वक समापन हुआ