रुद्रपुर। शहर के हल्द्वानी मार्ग स्थित परशुराम चौक के पास शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 29 वर्षीय महिला की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब महिला अपनी छह वर्षीय बेटी के साथ सड़क पार कर रही थी। तेज रफ्तार जेसीबी ने महिला को कुचल दिया, जबकि बेटी बाल-बाल बच गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविन्द्रनगर निवासी विमला देवी (29) पत्नी ब्रज किशोर अपनी पुत्री चित्रंशा के साथ बहन के घर रह रही थीं। बताया जाता है कि वह सिडकुल की एक कंपनी में कार्य कर परिवार का पालन-पोषण करती थीं। शनिवार देर शाम बाजार से लौटते समय परशुराम चौक के पास सड़क पार करते हुए डीडी चौक की ओर से आ रही जेसीबी संख्या UK04 AL 1647 ने उन्हें टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि विमला देवी गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गईं। हादसे के बाद चालक जेसीबी लेकर भागने लगा, लेकिन कुछ दूरी पर वाहन डिवाइडर से टकरा गया। इसके बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल महिला को जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए जेसीबी को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि चालक नशे की हालत में वाहन चला रहा था।

मृतका की छह वर्षीय बेटी की आंखों के सामने मां की मौत ने सभी को झकझोर कर रख दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

सड़क सुरक्षा पर उठे सवाल

इस हादसे के बाद शहर में सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। वरिष्ठ समाजसेवी सुशील गाबा ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि परशुराम चौक पर डिवाइडर बनाए जाने के बाद से लोग मजबूरी में जान जोखिम में डालकर सड़क पार करते हैं।

उन्होंने क्षेत्र में कट खोलने, जेब्रा क्रॉसिंग बनाने, स्थायी ट्रैफिक सिग्नल या यातायात पुलिस की तैनाती की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते उचित व्यवस्था की जाती, तो इस तरह की दुर्घटनाओं को रोका जा सकता था।

हादसे के बाद भी लोग रैलिंग फांदकर सड़क पार करते दिखाई दे रहे हैं, जिससे भविष्य में ऐसे हादसों की आशंका बनी हुई है। प्रशासन से क्षेत्र में यातायात सुरक्षा उपायों को तत्काल लागू करने की मांग उठ रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *