रुद्रपुर | ऊधमसिंह नगर जनपद के अंतर्गत रुद्रपुर के नगला रेलवे स्टेशन के पास रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहाँ पटरी पार करते समय एक युवा मजदूर ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवा दिया है।

सुबह घूमने निकला था युवक

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मूल रूप से ग्राम सियाढेरी (बहेड़ी, जिला बरेली, उत्तर प्रदेश) का रहने वाला 24 वर्षीय धर्मवीर पुत्र मिठईलाल पिछले करीब डेढ़ साल से नगला रेलवे स्टेशन के पास एक किराए का कमरा लेकर रहता था और यहीं मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। परिजनों के मुताबिक, धर्मवीर रविवार सुबह रोजाना की तरह कमरे से टहलने के लिए निकला था, लेकिन जब वह काफी देर तक वापस नहीं लौटा, तो उसकी तलाश शुरू की गई।

रेलवे ट्रैक पर पड़ा मिला शव

इसी बीच, रेलवे पटरी के पास से गुजर रहे स्थानीय लोगों ने एक युवक का क्षत-विक्षत शव ट्रैक पर पड़ा देखा। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना पंतनगर/नगला पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। आसपास के लोगों और स्थानीय मजदूरों को बुलाकर जब शिनाख्त कराई गई, तो मृतक की पहचान धर्मवीर के रूप में हुई।

परिजनों में कोहराम, डेढ़ साल का मासूम बेटा सिर से उठा पिता का साया

पुलिस द्वारा दी गई सूचना के बाद धर्मवीर के रोते-बिलखते परिजन भी मौके पर पहुंच गए। धर्मवीर की असमय मौत से उसके परिवार में दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वह अपने पीछे पत्नी हेमलता और महज डेढ़ वर्ष के मासूम बेटे आर्यन को रोता-बिलखता छोड़ गया है। पुलिस ने पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की अग्रिम वैधानिक जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *