रुद्रपुर। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की हल्द्वानी में हुई जनसभा के बाद रामलीला मैदान के कथित शुद्धिकरण और संसद में दोषी लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ हल्द्वानी कोतवाली में एससी-एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किए जाने के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट कूच किया। इसके जवाब में भाजपा ने भी कांग्रेस और राहुल गांधी के खिलाफ प्रदर्शन कर अपना विरोध दर्ज कराया।

यूथ कांग्रेस के आह्वान पर कांग्रेस कार्यकर्ता वरिष्ठ नेताओं की अगुवाई में कलेक्ट्रेट की ओर रवाना हुए। नैनीताल रोड से कलेक्ट्रेट मार्ग की ओर बढ़ते समय पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर प्रदर्शनकारियों को रोक दिया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच नोकझोंक हो गई। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मियों ने उनके साथ बल प्रयोग किया, जिससे कुछ कार्यकर्ता चोटिल हुए।

प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेडिंग पार करने का प्रयास किया तो पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए लाठियां जमीन पर फटकारते हुए पीछे हटाया। इस दौरान कुछ कांग्रेस नेता बैरिकेडिंग पार कर कलेक्ट्रेट परिसर की ओर पहुंच गए। इनमें यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदयभानु चिब, विधायक तिलकराज बेहड़ व आदेश चौहान, उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी, पूर्व विधायक नारायण पाल, जिलाध्यक्ष हिमांशु गाबा और यूथ कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष सुमित्तर भुल्लर समेत अन्य नेता शामिल रहे।

Screenshot

बैरिकेडिंग पार करते समय पूर्व विधायक बेहोश

कलेक्ट्रेट कूच के दौरान पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल बैरिकेडिंग पार करते समय पुलिस के साथ नोकझोंक के बीच अचानक बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े। उन्हें देखकर कार्यकर्ताओं और पुलिसकर्मियों में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर ही उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया। कुछ देर आराम करने के बाद उनके स्वास्थ्य में सुधार बताया गया।

कांग्रेस नेताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर में धरना देकर भाजपा सरकार पर लोकतांत्रिक तरीके से विरोध की आवाज दबाने का आरोप लगाया। नेताओं ने राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज मुकदमा वापस लेने और रामलीला मैदान के कथित शुद्धिकरण को लेकर कार्रवाई की मांग की। इसके बाद कांग्रेस नेताओं ने जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।

भाजपा ने किया पलटवार, राहुल गांधी और कांग्रेस पर लगाए आरोप

कांग्रेस के कलेक्ट्रेट कूच के जवाब में भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी कलेक्ट्रेट परिसर की ओर प्रदर्शन किया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस और राहुल गांधी के खिलाफ नारेबाजी की तथा पुतला दहन किया।

विधायक शिव अरोड़ा ने राहुल गांधी और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस झूठ और विभाजन की राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस के पास रामलीला मैदान में हुए कथित शुद्धिकरण यज्ञ को मल्लिकार्जुन खड़गे की जाति से जोड़ने के प्रमाण हैं तो उन्हें जनता के सामने रखा जाना चाहिए।

महापौर विकास शर्मा ने भी कांग्रेस के आरोपों पर सवाल उठाते हुए कहा कि कांग्रेस को यह प्रमाण देना चाहिए कि शुद्धिकरण यज्ञ के दौरान किसी व्यक्ति ने मल्लिकार्जुन खड़गे का नाम लेकर उनकी जाति को लेकर टिप्पणी की थी। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस धार्मिक विषय को जातिगत विवाद का रूप देकर राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास कर रही है।

भाजपा नेताओं ने दावा किया कि रामलीला मैदान में कथित तौर पर धार्मिक भावनाओं को प्रभावित करने वाली परिस्थितियों के बाद हिंदू संगठनों ने शुद्धिकरण यज्ञ किया था। उन्होंने यह भी कहा कि यज्ञ में दलित समाज के लोग भी शामिल हुए थे। भाजपा नेताओं ने राहुल गांधी से अपने आरोपों के प्रमाण सार्वजनिक करने की मांग की।

दोनों दलों ने एक-दूसरे पर लगाए राजनीतिक आरोप

प्रदर्शन के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल समेत अन्य नेताओं ने कांग्रेस पर झूठे और भ्रामक मुद्दों के जरिए जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया। भाजपा नेताओं ने कहा कि पार्टी कांग्रेस के आरोपों का लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देगी।

वहीं कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार विरोध की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है और राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज मुकदमा राजनीतिक दबाव का परिणाम है। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर जाति और धर्म के नाम पर राजनीति करने के आरोप लगाए।

कांग्रेस के प्रदर्शन में उदयभानु चिब, सुरभि द्विवेदी, तिलकराज बेहड़, भुवन कापड़ी, आदेश चौहान, राजकुमार ठुकराल, नारायण पाल, हिमांशु गाबा, ममता रानी, पवन वर्मा, सुमित्तर भुल्लर, संजय जुनेजा समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

भाजपा के प्रदर्शन में विधायक शिव अरोड़ा, महापौर विकास शर्मा, जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, दर्जा मंत्री रामपाल, उत्तम दत्ता, पूर्व पालिका अध्यक्ष मीना शर्मा, भारत भूषण चुघ, तरुण दत्ता, धीरेन्द्र मिश्रा समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi